-->

भूकंप नोट्स

भूकम्प
भूकम्प भू-पृष्ठ पर होने वाला आकस्मिक कंपन है जो भू-गर्भ में चट्टानों के लचीलेपन या समस्थिति के कारण होने वाले समायोजन का परिणाम होता है। यह प्राकृतिक व मानवीय दोनों ही कारणों से हो सकता है। भूकंप आने के पहले वायुमंडल में ‘रेडॉन’ गैसों की मात्रा में वृद्धि हो जाती है। अतः इस गैस की मात्रा में वृद्धि का होना उस प्रदेश विशेष में भूकंप आने का संकेत होता है।

- जिस जगह से भूकंपीय तरंगें उत्पन्न होती हैं उसे ‘भूकंप मूल’ (Focus) कहते हैं तथा जहाँ सबसे पहले भूकंपीय लहरों का अनुभव किया जाता है उसे भूकंप अधिकेन्द्र (Epi Centre) कहते हैं। यह भूकंप मूल के ठीक ऊपर भू-पर्पटी पर स्थित होता है।

- भूकंप के इस दौरान जो ऊर्जा भूकम्प मूल से निकलती है, उसे ‘प्रत्यास्थ ऊर्जा’ (Elastic Energy) कहते हैं। भूकंप के दौरान कई प्रकार की भूकंपीय तरंगें (Seismic Waves) उत्पन्न होती हैं जिन्हें  तीन श्रेणियों में रखा जा सकता हैं:-

(i) प्राथमिक अथवा लम्बात्मक तरंगें (Primary or Longitudinal Waves):-  

- इन्हें 'P' तरंगें भी कहा जाता है। ये अनुदैर्ध्य तरंगें हैं एवं ध्वनि तरंगों की भांति चलती हैं। तीनों भूकंपीय लहरों में सर्वाधिक तीव्र गति इसी की होती है। यह ठोस के साथ-साथ तरल माध्यम में भी चल सकती है, यद्यपि ठोस की तुलना में तरल माध्यम में इसकी गति मंद हो जाती है। 'S' तरंगों की तुलना में इसकी गति 40% अधिक होती है।

(ii) अनुप्रस्थ अथवा गौण तरंगें (Secondary or Transverse Waves):-  

- इन्हें "S' तरंगें भी कहा जाता है। ये प्रकाश तरंगों की भांति चलती हैं। ये सिर्फ ठोस माध्यम में ही चल सकती है, तरल माध्यम में प्रायः लुप्त हो जाती है। चूँकि ये पृथ्वी के क्रोड से गुजर नहीं पाती, अतः 'S' तरंगों से पृथ्वी के क्रोड के तरल होने के संबंध में अनुमान लगाया जाता है।

(iii) धरातलीय तरंगें (Surface or Long Period Waves):-

इन्हें 'L' तरंगें भी कहा जाता है। ये पृथ्वी के ऊपरी भाग को ही प्रभावित करती है। ये अत्यधिक प्रभावशाली तरंगें हैं एवं सबसे अधिक लंबा मार्ग तय करती है। यद्यपि इनकी गति काफी धीमी होती है और यह सबसे देर में पहुँचती है परंतु इनका प्रभाव सबसे विनाशकारी होता है। 

- पृथ्वी के अन्दर ऊपरी परतदार चट्‌टान की पतली परत के नीचे विभिन्न परतें पाई जाती हैं, जिनके घनत्व में अन्तर पाया जाता है।

(1) ऊपरी परत = जेफ्ररीज ने क्रोशिया की कल्पा घाटी के वर्ष 1906 के भूकम्प के आधार पर P तथा S के अलावा एक ऐसे लहर युग्म का पता लगाया, जिसकी गति सब लहरों से कम थी। pg लहर 5.4 किलोमीटर sg लहर 3.3 किलोमीटर प्रति सेकेण्ड की गति से पृथ्वी के ऊपरी धरातल में यात्रा करती है। ये लहरें जिन शैलों से होकर गुजरती हैं, उनका धनत्व 2.7 होता है। इस आधार पर यह प्रमाणित होता है कि पृथ्वी की ऊपरी परत ग्रेनाइट नामक चट्‌टान की बनी है। इन दो लहरों से पूर्व P तथा S लहरों को अंकन किया जाता है, जो न्यून वेग से ऊपरी भाग में प्रवाहित होती हैं। इससे यह निष्कर्ष निकाला जाता है कि पृथ्वी का सबसे ऊपरी भाग परतदार शैल का बना है।

(2) मध्यवर्ती परत = कोनार्ड ने टायर्न के वर्ष 1932 के भूकम्प के धक्के के आधार पर भूकम्पीय लहरों के तृतीय युग्म का पता लगाया। इनकी गति Pg - Sg तथा P - S के बीच की होती है तथा इनका नामकरण P - S किया गया है।इनमें P लहरें 6 से 7 सेकेण्ड की गति से पृथ्वी के मध्यवर्ती भाग में प्रवाहित होती हैं। इन लहरों के मध्यवर्ती गति के आधार पर यह निष्कर्ष निकलता है कि पृथ्वी में एक मध्यवर्ती परत है जिसका घनत्व 3 (ऊपरी सतह से अधिक, परन्तु निचली परत से कम) है। इस परत की वास्तविक चट्‌टानों के विषय में विद्वानों में मतभेद है। डाली तथा जेफरीज के अनुसार मध्यवर्ती परत बेसाल्ट की है, जबकि वेगनर तथा होम्स इसे एम्फीबोलाइट बताते हैं। परन्तु अधिकांश विद्वानों के अनुसार यह परत बेसाल्ट की ही बनी हुई है। इसकी मोटाई 20 से 30 किलोमीटर बताई जाती है, यद्यपि यह भी विवाद का विषय है।

(3) निचली परत = P तथा S लहरें सबसे अधिक गहराई में प्रवेश करती हैं। इनमें P लहर 7.8 किलोमीटर तथा S लहर 4.5 किलामीटर प्रति सेकेण्ड की चाल से पृथ्वी के आन्तरिक भाग में प्रवाहित होती हैं। इसके आधार पर पृथ्वी में एक निचली परत का आभास होता है। सम्भवत: यह अधिक घनत्व वाली चट्‌टानों की बनी है। इसका निर्माण डूनाइट अथवा पेरिडोटाइट से हुआ है। धरातल से इनकी गहराई 2900 किलोमीटर बताई जाती है।     

P, S व L तरंगों का पथ एवं पृथ्वी की आंतरिक संरचना

- भूकम्प मूल की गहराई के आधार पर भूकम्पों को तीन वर्ग़ों में रखा जाता हैं:- 

(1) सामान्य भूकम्प- 0-50 कि.मी.। 

(2) मध्यवर्ती भूकम्प- 50-250 कि.मी.। 

(3) गहरे या पातालीय भूकम्प- 250-700 कि.मी.। 

- जिन संवेदनशील यंत्रों द्वारा भूकम्पीय तरंगों की तीव्रता मापी जाती है उन्हें ‘भूकम्प लेखी’ या ‘सीस्मोग्राफ’ (Seismograph) कहते हैं, इसके तीन स्केल (scale) हैं-

1. रॉसी - फेरल स्केल (Rossy Feral Scale) :इसके मापक 1 से 11 रखे गए थे।

2. मरकेली स्केल (Mercali Scale) : यह अनुभव प्रधान स्केल है। इसके 12 मापक हैं।

3. रिक्टर स्केल (Richter Scale) : यह गणितीय मापक है, जिसकी तीव्रता 0 से 9 तक होती है और प्रत्येक बिन्दु दूसरे बिन्दु की तीव्रता का 10 गुना अधिक तीव्रता रखता है।

- समान भूकम्पीय तीव्रता वाले स्थानों को मिलाने वाली रेखा को ‘समभूकम्पीय रेखा’ या ‘भूकम्प समाघात रेखा’ (Isoseismal Lines) कहते हैं। एक ही समय पर आने वाले भूकम्पीय क्षेत्रों को मिलाने वाली रेखा होमोसीस्मल लाइन (Homoseismal Lines) कहलाती है।

भूकम्पों का विश्व वितरण : विश्व में भूकम्पों का वितरण उन्हीं क्षेत्रों से संबंधित है जो अपेक्षाकृत कमजोर तथा अव्यवस्थित हैं। भूकम्प के ऐसे क्षेत्र मोटे तौर पर दो विवर्तनिकी घटनाओं से संबंधित है- 

(1) प्लेट के किनारों के सहारे तथा 

(2) भ्रंशों के सहारे। 

विश्व में भूकम्प की कुछ विस्तृत पेटियाँ इस प्रकार हैः-

प्रशान्त महासागरीय तटीय पेटी (Circum Pacific Belt) : यह विश्व का सबसे विस्तृत भूकम्प क्षेत्र है जहाँ पर सम्पूर्ण विश्व के 63% भूकम्प आते हैं। इस क्षेत्र में चिली, कैलिफोर्निया, अलास्का, जापान, फिलीपींस, न्यूजीलैंड आदि आते हैं। यहाँ भूकम्प का सीधा संबंध भू-पर्पटी के चट्टानी संस्तरों में भंशन तथा ज्वालामुखी सक्रियता से है।

मध्य महाद्वीपीय पेटी (Mid-continental Belt) :इस पेटी में विश्व के 21% भूकम्प आते हैं। इसमें आने वाले अधिकांश भूकम्प संतुलन मूलक तथा भंशमूलक हैं। यह पट्टी केपवर्डे से शुरू होकर अटलांटिक महासागर, भूमध्यसागर को पारकर आल्प्स, काकेशस, हिमालय जैसी नवीन पर्वत श्रेणियों से होते हुए दक्षिण की ओर मुड़ जाती है और दक्षिणी पूर्वी द्वीपों में जाकर प्रशान्त महासागरीय पेटी में मिल जाती है। भारत का भूकम्प क्षेत्र इसी पेटी के अन्तर्गत सम्मिलित किया जाता है। 

मध्य अटलांटिक पेटी (Mid-Atlantic Belt) : यह मध्य अटलांटिक कटक में स्पिटबर्जन तथा आइसलैंड (उत्तर) से लेकर बोवेट द्वीप (दक्षिण) तक विस्तृत है। इनमें सर्वाधिक भूकम्प भूमध्यरेखा के आसपास पाए जाते हैं।

अन्य क्षेत्र : इसमें पूर्वी अफ्रीका की लंबी भू-भंश घाटी, अदन की खाड़ी से अरब सागर तक का क्षेत्र तथा हिन्द महासागर की भूकम्पीय पेटी सम्मिलित की जाती है।

सुनामी (Tsunami): स्यू-ना-मी जापानी भाषा का शब्द है जिसका अर्थ है तट पर आती समुद्री लहरें। ये बहुत लंबी व कम कंपन वाली समुद्री लहरें हैं जो महासागरीय भूकंपों के प्रभाव से महासागरों में उत्पन्न होती हैं। सुनामी लहरों के साथ जल की गति संपूर्ण गहराई तक होती है, इसलिए ये अधिक प्रलयकारी होती हैं। सुनामी लहरों की दृष्टि से प्रशांत महासागर सबसे खतरनाक स्थिति में है। महासागरीय प्लेटों के अभिसरण क्षेत्र में ये सर्वाधिक शक्तिशाली होती है। इंडोनेशिया के सुमात्रा द्वीप में 26 दिसंबर, 2004 को हिंद महासागर के तली के नीचे उत्पन्न सुनामी लहरें भारतीय प्लेट के बर्मी प्लेट के नीचे क्षेपण का परिणाम थी। भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 8.9 थी जिसके कारण प्रलयकारी सुनामी लहरों की उत्पत्ति हुई। इंडोनेशिया, मलेशिया, श्रीलंका व भारत समेत कुल 11 देश इन लहरों की चपेट में आए। भारत में तमिलनाडु का नागपट्टनम जिला सर्वाधिक प्रभावित क्षेत्रा था।

भूकम्प से सम्बन्धित महत्त्वपूर्ण तथ्य -

 - समान भूकंपीय तीव्रता अर्थात् समान बर्बादी वाले स्थानों को मिलाने वाली रेखा को समभूकंप रेखा(Homoseismal Line) कहा जाता है।

- समभूकंप रेखा का आकार प्रायः अनियमित होता है।

- भूकंप का अध्ययन सिस्मोलॉजी तथा भूकंपीय तरंगों का आकलन करने वाला यंत्र सिस्मोग्राफ कहलाता है।

मरकेली मापक भूकंप की तीव्रता को मापने का एक यंत्र है। यह मापक गुणात्मक है तथा इंद्रियों द्वारा प्राप्त अनुभव, भूकंप द्वारा होने वाला विनाश आदि के आधार पर विकसित किया गया है।

रिक्टर स्केल भूकंप को मापने का एक यंत्र है। यह एक लोगारिथमिक स्केल हैं, जिसमें 1 से 9 तक की संख्याएँ होती हैं।

- रिक्टर स्केल में प्रत्येक आगे की संख्या अपनी ठीक पीछे वाली संख्या के 10 गुने परिमाण को बताती है। यह स्केल भूकंप की ऊर्जा पर आधारित है।

- अंतः सागरीय भूकंपों के कारण उत्पन्न समुद्री लहरों को सुनामी कहा जाता हैं।

- प्लेटों का अपसरण, अभिसरण, आपसी रगड़, ज्वालामुखी, समस्थितिक समायोजन, भ्रंशन आदि भूकंप के कारण हैं।

- भूकंप की व्याख्या के लिए एच.एफ रीड द्वारा प्रत्यास्थ पुनश्चलन सिद्धांत (Elastic rabound Theory) का प्रतिपादन किया गया है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें